- भूरारानी क्षेत्र में युवाओं के साथ लगाए पौधे, अधिक से अधिक वृक्षारोपण और उनके संरक्षण का किया आह्वान
रुद्रपुर। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भूरारानी क्षेत्र में युवाओं के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ उन्होंने स्वयं पौधा लगाकर किया और सभी लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
इस अवसर पर राजकुमार ठुकराल ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हरेला उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।
उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन का आधार भी हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए जनभागीदारी के साथ व्यापक स्तर पर पौधारोपण आवश्यक है।
कार्यक्रम में अरुण गोस्वामी, तरुण गोस्वामी, संजीत साहनी, परविंदर सिंह, विजय यादव, राकेश तिवारी, अमरीक सिंह, ललित, बबलू, चिंपू, उषा, भरत पाल, मुकेश साहनी, केरू मंडल, छत्रपाल प्रजापति सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
