IMG_20260915_115207
  • झांकी, सांस्कृतिक नृत्य और जादू शो होंगे आकर्षण, भंडारे का भी आयोजन

रुद्रपुर। भगवान विश्वकर्मा जयंती के उपलक्ष्य में टारगेट इंजीनियरिंग परिवार की ओर से इस वर्ष भी भव्य विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया जाएगा। लगातार 19वें वर्ष आयोजित होने वाले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में पूजा-अर्चना के साथ ही कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

यह जानकारी देते हुए समाजसेवी उपेंद्र गिरी ने बताया कि 17 सितंबर को फुलसंगा के रूद्रा इन्क्लेव में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक पूजा कार्यक्रम चलेगा। पूजा के उपरांत दोपहर 1 बजे के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा, जबकि शाम 5 बजे से लगातार भंडारे का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि विश्वकर्मा पूजा को इस बार धार्मिक आयोजन के साथ ही सांस्कृतिक स्वरूप भी दिया गया है। विशेष कार्यक्रमों में भव्य झांकी, बच्चों का सांस्कृतिक नृत्य और शानदार जादू शो प्रमुख आकर्षण रहेंगे। आयोजन को लेकर परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

उपेंद्र गिरी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृजन, शिल्प, निर्माण और तकनीकी कौशल का आराध्य माना जाता है। इंजीनियरिंग और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए विश्वकर्मा पूजा का विशेष महत्व है। टारगेट इंजीनियरिंग परिवार पिछले 19 वर्षों से श्रद्धा और उत्साह के साथ इस परंपरा को निभाता आ रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं और इंजीनियरिंग क्षेत्र से जुड़े लोगों से कार्यक्रम में पहुंचकर भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद प्राप्त करने और धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता करने की अपील की है।

error: Content is protected !!