file_000000002d28720bb57591593ebdddb2
  • सिडकुल, शक्तिफार्म और सड़कड़ा चौकियों में सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों, शस्त्रागार एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा; स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण कार्यों के दिए निर्देश

रुद्रपुर/सितारगंज। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने रविवार को कोतवाली सितारगंज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली चौकी सिडकुल, चौकी शक्तिफार्म एवं चौकी सड़कड़ा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौकियों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव तथा जन-शिकायतों के निस्तारण की प्रगति का गहनता से अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने चौकियों में उपलब्ध शस्त्रागार, सरकारी अभिलेखों एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से संधारित करने, शस्त्रों के सुरक्षित रखरखाव तथा चौकी परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

एसएसपी अजय गणपति ने चौकियों में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और निर्धारित समयसीमा की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पुलिस चौकियों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना और आमजन को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान चौकियों की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए गए।

error: Content is protected !!