hathi dant g

शुभम कुमार

रुद्रपुर। उत्तराखंड एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट ने वन्य जीव तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ने ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज अंतर्गत बराकोली रेंज के कल्याणपुर क्षेत्र से इन तस्करों को दबोचा। इनके कब्जे से लगभग 7 किलो 820 ग्राम वजन का एक विशालकाय हाथी दांत बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। बरामद हाथी दांत की लंबाई लगभग 3 फीट 3 इंच और गोलाई 13 इंच पाई गई है।

एसएसपी एसटीएफ ने इस कार्यवाही के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि टीम को क्षेत्र में हाथी दांत की अवैध तस्करी होने की पुख्ता सूचना मिली थी। इस सूचना को स्थानीय सूत्रों के माध्यम से विकसित किया गया और बीती देर रात वन विभाग के साथ मिलकर घेराबंदी की गई। चेकिंग के दौरान संदिग्ध पाए गए दो व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके पास से यह बहुमूल्य हाथी दांत बरामद हुआ। हाथी और उसके अंगों को वन्यजीव जंतु संरक्षण अधिनियम की पहली अनुसूची में रखा गया है, जिसके चलते इनका शिकार या व्यापार करना एक अत्यंत गंभीर और गैर-जमानती अपराध की श्रेणी में आता है।

पूछताछ के दौरान पकड़े गए तस्करों से कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर एसटीएफ अब इस नेटवर्क के अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वन्य जीवों की तस्करी में शामिल प्रत्येक अपराधी की कुंडली तैयार की जाए और उनके विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जाए। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ बराकोली रेंज में वन्यजीव अधिनियम (वाइल्ड लाइफ एक्ट) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। एसटीएफ इस बात की भी तस्दीक कर रही है कि इस तस्करी में और किन बड़े नामों की संलिप्तता है, ताकि पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया जा सके।

error: Content is protected !!