देहरादून। रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा ने देहरादून प्रवास के दौरान उत्तराखंड के नवनियुक्त भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने देवभूमि उत्तराखंड में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद प्रथम आगमन पर राम माधव का स्वागत एवं अभिनंदन किया। विधायक शिव अरोड़ा ने भाजपा की सह प्रभारी एवं नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज का भी स्वागत किया।
भाजपा ने हाल ही में राम माधव को उत्तराखंड का प्रदेश प्रभारी तथा बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन को सह प्रभारी नियुक्त किया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद राम माधव, बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन का यह पहला संगठनात्मक प्रवास है।
शिष्टाचार भेंट के दौरान विधायक शिव अरोड़ा ने प्रदेश प्रभारी राम माधव से विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय एवं संवाद बढ़ाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि राम माधव को संगठन में लंबे समय तक कार्य करने का व्यापक अनुभव है। उनके उत्तराखंड प्रभारी बनने से संगठन को उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से पार्टी द्वारा दिए गए “60 पार” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी ताकत से कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में भी उत्तराखंड भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर लगातार मजबूती के साथ कार्य किया है। कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय बनाने में प्रदेश नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
विधायक ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण है। भाजपा कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं।
