- भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक की लीला का हुआ मनमोहक मंचन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पंडाल
रुद्रपुर। श्री सनातन रामलीला कमेटी दूधिया नगर की ओर से भदईपुरा में पिछले कई दिनों से आयोजित श्री रामलीला का भव्य समापन हो गया। समापन अवसर पर भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने और राज्याभिषेक की लीला का मनमोहक एवं सजीव मंचन किया गया। इस दौरान पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने रामलीला के कलाकारों को उनके उत्कृष्ट एवं जीवंत अभिनय के लिए सम्मानित किया। आयोजन समिति के सदस्यों ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
रामलीला संस्कृति और संस्कारों को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम: ठुकराल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, कर्तव्यपालन, त्याग और आदर्शों का संदेश देता है। रामलीला केवल धार्मिक मंचन नहीं, बल्कि प्राचीन संस्कृति और सनातन संस्कारों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने सफल आयोजन के लिए रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों, सदस्यों और स्थानीय नागरिकों की सराहना करते हुए सभी को बधाई दी।
रामलीला के समापन अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में रामभक्त उपस्थित रहे। इस दौरान रामलीला कमेटी के संरक्षक श्री श्री 108 स्वामी शिवानंद महाराज, अध्यक्ष गजेंद्र राघव मिस्त्री, संजय ठुकराल, अजय नारायण सिंह, प्रेमपाल यादव, पोशाकी लाल शर्मा, कुंवर पाल, होरीलाल, पप्पू श्रीवास्तव और पवन गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
