file_00000000edcc71f8917b4884b3b27a06
  • देशभर में तीसरी और उत्तराखंड में प्रथम रैंक हासिल कर रुद्रपुर की बेटी ने बढ़ाया मान, युवाओं को दिया मेहनत और अनुशासन का संदेश

रुद्रपुर। भारतीय वायु सेना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में तीसरी तथा उत्तराखंड में प्रथम रैंक प्राप्त करने वाली रुद्रपुर की बेटी मेघा सिंह को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने सम्मानित किया। ठुकराल ने ईश्वर कॉलोनी स्थित उनके आवास पहुंचकर शुभकामनाएं दीं और सम्मान स्वरूप गणेश जी की प्रतिमा भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने मेघा सिंह की उपलब्धि को रुद्रपुर ही नहीं बल्कि पूरे ऊधमसिंह नगर जनपद और उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि पूरे भारत में तीसरी तथा राज्य में प्रथम रैंक प्राप्त करना असाधारण उपलब्धि है, जो उनकी मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है।

 

ठुकराल ने कहा कि मेघा सिंह ने यह सिद्ध कर दिया है कि स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और निरंतर प्रयास से किसी भी सफलता को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और मेघा सिंह की सफलता क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

 

उन्होंने मेघा सिंह के माता-पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे परिवार के संस्कार, त्याग और सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मेघा सिंह के पिता प्रताप सिंह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल में निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता साधना सिंह गृहिणी हैं। परिवार ने इस सफलता को वर्षों की मेहनत और संघर्ष का परिणाम बताया।

 

इस दौरान मेघा सिंह ने कहा कि भारतीय वायु सेना में चयन होना उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया। साथ ही युवाओं से लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।

error: Content is protected !!