Oplus_131072

Oplus_131072

असलहा सप्लाई और बरेली दंगा कनेक्शन मामले में यूपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, किच्छा से उठाया

किच्छा/रुद्रपुर। उत्तर प्रदेश के बहेड़ी थाने की पुलिस ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष गफ्फार खान को बुधवार को किच्छा से गिरफ्तार कर लिया। गफ्फार खान का नाम कथित अवैध असलहा सप्लाई और बरेली दंगा कनेक्शन मामले में सामने आने के बाद यूपी पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

जानकारी के मुताबिक यूपी पुलिस की टीम सादे कपड़ों और वर्दी में दो वाहनों से किच्छा पहुंची थी। डीडी चौक के पास पहले से घात लगाए बैठी पुलिस ने गफ्फार खान को हिरासत में लिया और तुरंत स्कॉर्पियो वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गई। बाजार क्षेत्र में अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और भारी भीड़ जमा हो गई।

बताया जा रहा है कि पुलिस काफी समय से गफ्फार खान की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। जैसे ही वह रुद्रपुर रोड की ओर पहुंचे, पुलिस टीम ने उन्हें रोक लिया और हिरासत में लेकर रवाना हो गई।

फरवरी में सामने आया था नाम

गफ्फार खान का नाम इसी वर्ष फरवरी में बहेड़ी पुलिस द्वारा पकड़े गए कथित अवैध असलहा तस्करी मामले में सामने आया था। उस समय पुलिस ने तस्लीम और सोनू खान नामक दो आरोपियों को अवैध पिस्टल और तमंचों के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में बरामद हथियारों का कनेक्शन बरेली में हुए उपद्रव और दंगों से जुड़ा बताया गया था।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ हथियार ऊधम सिंह नगर के दरऊ गांव निवासी गफ्फार खान तक भी सप्लाई किए गए थे। इसके बाद उनका नाम पूरे मामले में चर्चा में आ गया था।

सोशल मीडिया पर खुद को बताया था निर्दोष

मामले के तूल पकड़ने के बाद गफ्फार खान ने सोशल मीडिया पर वीडियो और पोस्ट जारी कर खुद को निर्दोष बताया था। उन्होंने पूरे मामले को राजनीतिक साजिश करार देते हुए कुछ नेताओं पर उन्हें फंसाने का आरोप लगाया था।

बरेली दंगा कनेक्शन की जांच में खुला था नेटवर्क

पुलिस जांच के अनुसार 26 सितंबर को कानपुर के “आई लव मोहम्मद” प्रकरण के बाद बरेली में हुए उपद्रव के दौरान बड़ी संख्या में हथियार सप्लाई किए गए थे। जांच में सामने आया कि उपद्रवियों तक अवैध असलहे पहुंचाने वाला एक नेटवर्क सक्रिय था। इसी नेटवर्क की जांच के दौरान कई नाम सामने आए, जिनमें गफ्फार खान का नाम भी शामिल बताया गया।

बहेड़ी पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर असलहा सप्लाई गिरोह का खुलासा कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज

गफ्फार खान की गिरफ्तारी के बाद किच्छा और रुद्रपुर क्षेत्र में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस फिलहाल पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच करने की बात कह रही है।

error: Content is protected !!