- भूत बंगला रामलीला मैदान में पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा ने किया रामलीला का शुभारंभ, वृंदावन के कलाकारों ने किया सुंदर लीला का मंचन
रुद्रपुर। भाजपा नेत्री एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों हिंदुओं के आराध्य हैं और वे कण-कण में विद्यमान हैं। उनके स्मरण मात्र से मन को शांति मिलती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने सभी से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज में फैली बुराइयों और कुरीतियों के खिलाफ मजबूती से खड़े होने का आह्वान किया।
श्रीमती मीना शर्मा भूत बंगला स्थित रामलीला मैदान में श्री राम हनुमान देवी जागरण मंडल रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की लीला का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ कर रही थीं। इस अवसर पर शहर के प्रमुख समाजसेवी बिट्टू छाबड़ा, विक्की छाबड़ा, पूर्व सभासद कालीचरण वाल्मीकि और भाजपा नेता अनिल शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान रामलीला कमेटी के सदस्यों ने अतिथियों का पीत वस्त्र ओढ़ाकर स्वागत किया। साथ ही सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि मीना शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। उनके आदर्श आज भी समाज को सही दिशा दिखाते हैं। हम सभी को उनके बताए मार्ग पर चलते हुए सामाजिक बुराइयों और कुरीतियों को दूर करने के लिए प्रयास करना चाहिए।
वहीं, वृंदावन से आए कलाकारों ने रामलीला के दौरान शूर्पणखा प्रसंग से लेकर सीता हरण तक की मनमोहक लीला का मंचन किया। कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष विनोद वर्मा, विजय गुप्ता, राजेश गुप्ता, बिट्टू शर्मा, जगदीश श्रीवास्तव सहित कमेटी के सदस्य और अन्य लोग मौजूद रहे।
