- टूरिस्ट बस से 348 कनस्तर लीसा बरामद, कीमत करीब 10.50 लाख रुपये; तस्करी में इस्तेमाल बस भी सीज
बाजपुर। त्योहारी सीजन के मद्देनजर ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत बाजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने टूरिस्ट बस के जरिए की जा रही अवैध लीसा तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सुल्तानपुर पट्टी चौकी क्षेत्र के छोई मोड़ पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने टूरिस्ट बस संख्या UK12-PB-0381 को रोककर तलाशी ली। बस की सभी सीटें उखाड़ी गई थीं और अंदर काली पन्नी बिछाई गई थी। पन्नी हटाकर तलाशी लेने पर बस के अंदर और डिग्गी से भारी मात्रा में लीसे के कनस्तर बरामद हुए।
गिनती करने पर कुल 348 कनस्तर अवैध लीसा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने लीसा तस्करी में प्रयुक्त टूरिस्ट बस को भी सीज कर दिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बरामद लीसा को अल्मोड़ा के द्वाराहाट से बस में भरकर पुलभट्टा टोल प्लाजा के पास स्थित एक कंपनी में पहुंचाने और इसके बदले कमीशन लेने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, आरोपी लीसे के परिवहन से संबंधित कोई वैध रवन्ना या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके।
मामले में बाजपुर कोतवाली में FIR संख्या 309/2026, धारा 26/52 वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक अवैध लीसा तस्करी से वन संपदा को नुकसान और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
- मनोज सिंह, निवासी हल्द्वानी
- भवान सिंह, निवासी लमगड़ा, अल्मोड़ा
- हेमचंद्र महतोलिया, निवासी बिंदुखत्ता, नैनीताल
- पान सिंह, निवासी जैती, लमगड़ा, अल्मोड़ा
बरामदगी
- 348 कनस्तर अवैध लीसा — अनुमानित कीमत 10.50 लाख रुपये
- लीसा परिवहन में प्रयुक्त टूरिस्ट बस UK12-PB-0381
कार्रवाई पुलिस टीम में एसआई सुरेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल जगत सिंह अधिकारी और कांस्टेबल नवल किशोर, कैलाश काला व रमेश पांडे शामिल रहे।
