- काशीपुर के तीन मंदिरों में हुई चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; चोरी का सामान खरीदने वाला कबाड़ी भी पुलिस के हत्थे चढ़ा, दो अन्य की तलाश जारी
काशीपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत काशीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तीन मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही चोरी गया शत-प्रतिशत माल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार 26 मई 2026 को नागन शक्ति मंदिर तथा 31 मई 2026 को नागनाथ मंदिर और गंगे बाबा मंदिर में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP अजय गणपति ने विशेष टीम गठित कर शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए थे।
पुलिस टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए जांच की। इसके बाद 6 जून को नौगजा पुलिया के पास से शातिर चोर तालिब हुसैन को चोरी के माल और मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों सन्नी और मोईन के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने और चोरी का सामान कबाड़ी जलीश अहमद को बेचने की बात स्वीकार की।
तालिब की निशानदेही पर पुलिस ने कबाड़ी जलीश अहमद को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मंदिरों से चोरी किया गया सामान बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹15,420 नकद, नाग प्रतिमाएं, कलश, गदा, त्रिशूल, घंटियां समेत अन्य धार्मिक सामग्री और चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार मामले में दो अन्य आरोपी सन्नी और मोईन अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी तालिब हुसैन पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
