खौफनाक: ऋषिकेश के शिवाजी नगर में महिला की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावर फरार

ऋषिकेश। तीर्थनगरी के शिवाजी नगर क्षेत्र में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ किराए के मकान में रह रही एक 32 वर्षीय महिला की बाइक सवार अज्ञात युवक ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावर ने वारदात को तब अंजाम दिया जब महिला घर में अकेली थी।

दरवाजा खुलवाकर मारी गोली मृतका की पहचान प्रीति रावत (32) निवासी यमकेश्वर के रूप में हुई है, जो ऋषिकेश एम्स में आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से कार्यरत थी। शनिवार रात करीब 10 बजे एक युवक बाइक से गली में आया और प्रीति का दरवाजा खटखटाया। प्रीति ने जैसे ही अंदर का लकड़ी वाला दरवाजा खोला, बाहर खड़े हमलावर ने जाली वाले बंद दरवाजे से ही पिस्टल सटाकर गोली चला दी। गोली सीधे प्रीति के सीने में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पड़ोसियों ने सुनी पटाखे जैसी आवाज पड़ोस में रहने वाले राधेश्याम ने बताया कि अचानक पटाखे जैसी आवाज सुनकर जब उन्होंने बाहर झाँका, तो प्रीति खून से लथपथ पड़ी थी। सूचना मिलने पर पहुँची कोतवाली पुलिस को जाली का दरवाजा तोड़कर घर के अंदर प्रवेश करना पड़ा। एसपी जया बलूनी ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जाँच कर रही है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

मकान मालिक पर गिर सकती है गाज जाँच में यह भी सामने आया है कि मृतका पिछले एक साल से यहाँ किराए पर रह रही थी, लेकिन मकान मालिक ने उसका पुलिस सत्यापन नहीं कराया था। पुलिस अब इस लापरवाही को लेकर मकान मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। मृतका का 8 साल का बेटा है, जो वर्तमान में अपने नाना के साथ रहता है।

error: Content is protected !!