deepak

डॉ. भीमराव अंबेडकर मंच ने पूर्व विधायक शुक्ला पर साधा निशाना

रुद्रपुर। गदरपुर विधायक और पूर्व शिक्षा मंत्री अरविंद पाण्डेय के विरुद्ध की जा रही अनर्गल बयानबाजी पर अब दलित समाज और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कड़ा रोष प्रकट किया है। डॉ. भीमराव अंबेडकर मंच के अध्यक्ष दीपक सागर ने एक प्रेस वार्ता के दौरान किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला पर तीखा प्रहार करते हुए उन्हें ‘राज्य विरोधी’ और ‘अवसरवादी’ करार दिया।

दीपक सागर ने राजेश शुक्ला के अतीत पर प्रहार करते हुए कहा कि जो लोग आज भाजपा निष्ठावान होने का ढोंग कर रहे हैं, ये वही लोग हैं जिन्होंने पृथक उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान ‘रक्षा समिति’ बनाकर राज्य गठन का पुरजोर विरोध किया था। उन्होंने कहा कि राज्य विरोधी मानसिकता वाले ये लोग मुख्यमंत्री के नाम की ओट लेकर अधिकारियों पर दबाव बनाते हैं और जनता का उत्पीड़न करते हैं। इतना ही नहीं, दीपक सागर ने शुक्ला पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि ब्लॉक प्रमुख चुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को हराने के लिए खुलकर पार्टी विरोधी कार्य किया, जो उनकी दोहरी मानसिकता को दर्शाता है।

प्रेस वार्ता में दीपक सागर ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राजेश शुक्ला आज भी अपनी ‘समाजवादी पार्टी’ की विचारधारा और ‘परिवारवाद’ की राजनीति से उबर नहीं पाए हैं। दिनेशपुर नगर पंचायत की सीट को ओबीसी के लिए आरक्षित करवाकर उन्होंने अपनी बंगाली विरोधी मानसिकता का परिचय दिया था। धनबल के दम पर नेता बनने वाले ऐसे लोग कभी जनसेवक नहीं हो सकते।

विधायक अरविंद पाण्डेय का बचाव करते हुए दीपक सागर ने कहा कि पाण्डेय ने अपना संपूर्ण जीवन संगठन को समर्पित किया है। बाल्यकाल से संघ के स्वयंसेवक और प्रचारक रहे अरविंद पाण्डेय ने गदरपुर जैसी कठिन सीट पर भाजपा का कमल खिलाकर अपनी लोकप्रियता सिद्ध की है। शिक्षा मंत्री के रूप में प्रदेश में एनसीआरटी लागू कर उन्होंने शिक्षा जगत में जो क्रांतिकारी बदलाव किए, उसे प्रदेश कभी नहीं भूलेगा।

राजेश शुक्ला द्वारा हाल ही में किए गए ‘आईना प्रदर्शन’ के नाटक पर पलटवार करते हुए सागर ने कहा कि जो लोग आज दूसरों को आईना दिखा रहे हैं, समय आने पर जनता उन्हें उनकी असली सूरत दिखा देगी। उन्होंने काशीपुर के मेयर दीपक बाली को भी नसीहत देते हुए कहा कि अरविंद पाण्डेय पर कीचड़ उछालने से पहले वे अपने गिरेबान में झाँक कर देखें।

दीपक सागर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि डॉ. भीमराव अंबेडकर मंच अरविंद पाण्डेय के खिलाफ होने वाले हर दुष्प्रचार का करारा जवाब देगा। उन्होंने कहा कि अरविन्द पाण्डेय कार्यकर्ताओं और जनता के दिलों पर राज करते हैं और उनके खिलाफ रची जा रही कोई भी साजिश कामयाब नहीं होगी।

error: Content is protected !!