- संजय जुनेजा ने सरकार पर लगाए किसानों की अनदेखी के आरोप, चेतावनी दी—जल्द मुख्य कृषि अधिकारी कार्यालय पर करेंगे तालाबंदी; बोले- शराब कहीं से भी मिल सकती है, लेकिन किसान को खाद का कट्टा नहीं मिल रहा।
रुद्रपुर। उत्तराखंड में खाद वितरण के लिए लागू की गई ऐप आधारित ई-टोकन एवं क्यूआर कोड व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विकास भवन स्थित मुख्य कृषि अधिकारी कार्यालय में जोरदार धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने नई व्यवस्था को किसान और खाद व्यापारियों के लिए परेशानी का सबब बताते हुए पुरानी खाद वितरण प्रणाली तत्काल बहाल करने की मांग की।
कांग्रेस उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संजय जुनेजा और किसान नेता विक्रमजीत सिंह विर्क ने कहा कि वर्तमान में गेहूं की बुवाई का महत्वपूर्ण सीजन चल रहा है। ऐसे समय में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं होना उनकी खेती को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि 16 नवंबर से लागू ई-टोकन व्यवस्था के तहत अभी तक प्रदेश के 20 प्रतिशत किसानों के भी टोकन नहीं बन पाए हैं। सरकार की अधूरी तैयारियों का खामियाजा किसानों और खाद व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि क्षेत्र में हुई भारी ओलावृष्टि से किसानों की फसलें पहले ही बर्बाद हो चुकी हैं और प्रभावित किसानों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। ऐसे में खाद की उपलब्धता में आ रही दिक्कतें किसानों की मुश्किलें और बढ़ा रही हैं। उन्होंने मांग की कि जब तक सभी किसानों की आईडी नहीं बन जाती और नई व्यवस्था पूरी तरह सुचारु नहीं हो जाती, तब तक पुरानी खाद वितरण प्रणाली जारी रखी जाए।
संजय जुनेजा ने खाद वितरण के नियमों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली और पीलीभीत जैसे जनपदों में पुरानी व्यवस्था से खाद वितरण किया जा रहा है, जबकि उत्तराखंड में नई व्यवस्था के कारण किसान और व्यापारी दोनों परेशान हैं। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि यदि जल्द पुरानी व्यवस्था लागू नहीं की गई तो कांग्रेस मुख्य कृषि अधिकारी कार्यालय पर तालाबंदी करेगी।
इस दौरान संजय जुनेजा ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि उत्तराखंड में किसी व्यक्ति को शराब जितनी चाहिए, वह कहीं से भी और जितनी मर्जी ले सकता है, लेकिन किसान को खाद का एक कट्टा चाहिए तो वह भी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए नई व्यवस्था को किसानों के हितों के खिलाफ बताया।
धरना-प्रदर्शन में मोहनखेड़ा, दिनेश पंत, करन चीमा, पार्षद सौरभ बेहड़, बलवंत अरोड़ा, मोनिका ढाली, सुनील जड़वानी, फरीद मंसूरी, राकेश अधिकारी, सेवाराम दिवाकर, निशांत शाही, पार्षद प्रवेश कुरैशी, राकेश कोली, सतनाम सिंह, उमर अली, विकास मलिक, अमित अरोड़ा, साजिद खान, विजय फुटेला, संजय अग्रवाल, पार्षद इंदरजीत सिंह, मनीष अग्रवाल, रामसेवक सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

