IMG-20261121-WA0047
  • 15 से 20 दिनों में ट्रांजिट कैंप, शिवनगर, आवास विकास, जगतपुरा और मुखर्जी नगर सहित अन्य क्षेत्रों में पूरा होगा कार्य, बिजली की बाधित आपूर्ति और दुर्घटनाओं से मिलेगी राहत

रुद्रपुर। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और सुचारु बनाने की दिशा में विधायक शिव अरोरा के प्रस्ताव पर मटकोटा बिजलीघर के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों में पुरानी एवं कम क्षमता वाली विद्युत तारों को बदलकर 11 हजार वोल्ट की कवर कंडक्टर इंसुलेटेड वायर लगाने के कार्य का शुभारंभ आवास विकास क्षेत्र से किया गया। विधायक शिव अरोरा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों की मौजूदगी में स्वयं इस कार्य की शुरुआत करवाई।

इस दौरान विधायक शिव अरोरा ने कहा कि इस कार्य का लाभ मटकोटा पावर हाउस के अंतर्गत आने वाले ट्रांजिट कैंप, शिवनगर, आवास विकास, जगतपुरा, मुखर्जी नगर सहित बड़ी आबादी वाले क्षेत्रों को मिलेगा। इन क्षेत्रों में लंबे समय से पुरानी एवं कम क्षमता वाली विद्युत लाइनों के कारण आने वाली समस्याओं को देखते हुए कवर कंडक्टर इंसुलेटेड वायर लगाने का प्रस्ताव रखा गया था। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा आवास विकास क्षेत्र से इसकी शुरुआत कर दी गई है और अगले 15 से 20 दिनों के भीतर मटकोटा बिजलीघर के अंतर्गत आने वाले सभी संबंधित क्षेत्रों में यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

विधायक ने बताया कि सामान्य विद्युत तारों की तुलना में कवर कंडक्टर इंसुलेटेड वायर अधिक सुरक्षित एवं टिकाऊ होती है। इससे विद्युत तारों के आपस में टकराने से होने वाली स्पार्किंग, तारों में आग लगने जैसी घटनाओं की आशंका कम होगी। साथ ही विद्युत लाइनों में बार-बार फॉल्ट आने और शटडाउन लेने की समस्या में भी कमी आएगी। इससे क्षेत्रवासियों को निर्बाध एवं बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है तथा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर विद्युत विभाग के एसडीओ अन्नू अरोरा, जेई कुलदीप कुमार, पार्षद राजेश जग्गा, राधेश शर्मा, नामित पार्षद नरेश उप्रेती, राजेश कामरा, राजीव कामरा, नितेश गुप्ता सहित विद्युत विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!