- ग्राम शिवपुर और फुलसुंगा के गणेश गार्डन में सजे बाबा के भव्य दरबार, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पहुंचकर लिया आशीर्वाद
रुद्रपुर। शहर और आसपास के क्षेत्रों में श्री खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रमों, संकीर्तन और भव्य भजन संध्याओं का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रमों में पहुंचकर बाबा के दर्शन किए और भजनों के माध्यम से उनका गुणगान किया।
ग्राम शिवपुर में आयोजित भव्य भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक राहुल कक्कड़, हिमांशु पारीक और पूजा राय ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्याम भजनों की धुन पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
वहीं, तीनपानी डाम रोड स्थित फुलसुंगा के गणेश गार्डन में भी श्री श्याम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य संकीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान बाबा का आकर्षक दरबार सजाया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन कर बाबा का गुणगान किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने दोनों धार्मिक आयोजनों में पहुंचकर श्री खाटू श्याम बाबा के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं को जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके अलावा ठुकराल श्रीमद्भागवत कथा में भी पहुंचे और कथा श्रवण किया।
इस अवसर पर राजकुमार ठुकराल ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, प्रेम और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों से लोगों को धर्म और अध्यात्म से जुड़ने का अवसर मिलता है तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम में संजय ठुकराल, आकाश बाटला, केरू मंडल, अजय नारायण सिंह, विजय शिकारी, रामकुमार, प्रभाकांत दुबे, मनीष ठक्कर, सुनील शर्मा, महेश आर्य, विक्की रावल, योगेश यादव, ज्ञानेश सिंह, सुकुमार मंडल, अभय सिंह, उपकार गॉड, रोहित चौधरी, आरबी सिंह, अजय सिंघल, प्रमोद गोस्वामी, विपिन अरोड़ा, लॉबी दास, राजू यादव, विनोद यादव, निपेंद्र चौहान, विजय चौहान और अनिल मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्याम भक्त मौजूद रहे। सभी ने बाबा का गुणगान करते हुए जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया।

