IMG-20261022-WA0020
  • प्रदेश अध्यक्ष राजबीर सिंह ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में की नियुक्ति
  • सिटी क्लब में जिला अध्यक्ष जनार्दन सिंह और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने सौंपा मनोनयन पत्र

रुद्रपुर। राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष राजबीर सिंह ने संगठन को मजबूत करने, श्रमिकों के हितों की प्रभावी पैरवी करने और संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तार करने के उद्देश्य से विपिन कुमार को महानगर रुद्रपुर का अध्यक्ष मनोनीत किया है।

रुद्रपुर के सिटी क्लब हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इंटक ऊधमसिंह नगर के जिला अध्यक्ष जनार्दन सिंह और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने सैकड़ों कर्मचारियों की उपस्थिति में विपिन कुमार को मनोनयन पत्र सौंपा। इस अवसर पर उनका गुलदस्ता भेंट कर और फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष जनार्दन सिंह ने कहा कि इंटक श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और उनकी मांगों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए कार्य करती रही है। उन्होंने बताया कि इंटक की स्थापना 3 मई 1947 को हुई थी और सरदार वल्लभभाई पटेल इसके पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे।

उन्होंने कहा कि इंटक उत्तराखंड में श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए प्रदेश सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखती है और विभिन्न संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पैरवी करती है। उन्होंने संगठन का विस्तार संगठित क्षेत्र के साथ-साथ असंगठित क्षेत्र में भी करने पर जोर दिया। छोटे दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों, फेरीवालों, निर्माण कार्यों में लगे दिहाड़ी मजदूरों, कृषि श्रमिकों और छोटे किसानों को संगठन से जोड़ने की अपील की। साथ ही सदस्यता अभियान तेज कर प्रदेश अध्यक्ष राजबीर सिंह के हाथों को मजबूत करने का आह्वान किया।

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के बीच ऐतिहासिक संबंध रहा है। उन्होंने श्रमिकों से संगठित रहने, नेतृत्व पर विश्वास बनाए रखने और अपने अधिकारों एवं मांगों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील की।

कार्यक्रम में संजय ठुकराल, देवेंद्र शाही, इंटक के जिला महासचिव डॉ. महेंद्र शर्मा, टाटा मोटर के पूर्व अध्यक्ष नवीन जोशी, वरिष्ठ कांग्रेसी राजेंद्र मिश्रा, रोहिल चरन, रोशन सिंह, कान्हू चरण, रामनाथ शर्मा, जसविंदर पाल, नीरज शर्मा, विनय भदौरिया, देवेंद्र शर्मा, भूपेंद्र कुमार, मनोज नेगी, जगवीर सिंह, जग्गा, सुरेंद्र जाट, गजानन, इंद्र बोरा, यशपाल बिष्ट, भाऊसाहब सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!