- रोडवेज स्टेशन परिसर में महापौर किया वाटर कूलर का शुभारंभ
रुद्रपुर। आमजन को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने और समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से रोट्रैक्ट क्लब ऑफ रुद्रपुर यूनाइटेड एवं आकांक्षा ऑटोमोबाइल्स प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त सहयोग से रोडवेज स्टेशन परिसर में स्थापित वाटर कूलर का महापौर विकास शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शुभारंभ किया। यह वाटर कूलर आकांक्षा ऑटोमोबाइल्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत मित्तल की स्वर्गीय माताजी की स्मृति में स्थापित किया गया है।

शुभारंभ के अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि सेवा का वास्तविक अर्थ जरूरतमंद लोगों के जीवन को आसान बनाना और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना है। स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने जैसी पहल आमजन को सीधे राहत पहुंचाती है। विशेष रूप से गर्मी के मौसम में राहगीरों और जरूरतमंद लोगों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था अत्यंत उपयोगी साबित होती है। उन्होंने कहा कि अपनी माता की स्मृति को समाज सेवा से जोड़ना एक भावनात्मक और प्रेरणादायी पहल है। इससे जहां दिवंगत आत्मा की स्मृति को सम्मान मिलता है, वहीं समाज के अन्य लोगों को भी जनकल्याण के कार्यों के लिए प्रेरणा मिलती है।
महापौर ने रोट्रैक्ट क्लब ऑफ रुद्रपुर यूनाइटेड एवं आकांक्षा ऑटोमोबाइल्स के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं और उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी से शहर में जनहित के कार्यों को नई गति मिल सकती है। शहर के विकास में स्वच्छता, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के साथ सामाजिक संवेदनशीलता भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों और सामर्थ्यवान लोगों से जरूरतमंदों की सहायता तथा जनहित से जुड़े कार्यों में आगे आने का आह्वान किया।
महापौर ने कहा कि रोडवेज परिसर में यात्रियों के लिए प्याऊ की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। समाजसेवियों और नगर निगम के संयुक्त प्रयासों से यह संभव हो पाया है। महापौर ने कहा कि शहर में ऐसे और भी स्थान चिन्हित किये गये हैं जहां रोट्रेक्ट क्लब और समाजसेवियों के सहयोग से इसी तरह की व्यवस्थायें की जायेंगी।
कार्यक्रम में रोट्रैक्ट क्लब ऑफ रुद्रपुर यूनाइटेड के अध्यक्ष लविश मदान और सचिव नवम मलिक,क्लब के चार्टर अध्यक्ष मौलिक कक्कड़,उपाध्यक्ष लक्ष्य गुलगुलानी,आकांक्षा ऑटोमोबाइल्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत मित्तल, रोटरी क्लब के अध्यक्ष अमित सिंघला, राजन राठौर आदि मौजूद रहे।
