- ANTF और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; ओडिशा से गांजा लाकर रुद्रपुर में सप्लाई करने का खुलासा, एक आरोपी पहले भी 200 किलो गांजे के मामले में जा चुका है जेल
रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ANTF रुद्रपुर और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 21.450 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक अर्टिगा कार भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को क्षेत्राधिकारी काशीपुर एवं नोडल अधिकारी ANTF प्रशांत कुमार के पर्यवेक्षण में ANTF रुद्रपुर और कोतवाली रुद्रपुर की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान त्रिशूल चौक से रुद्रपुर-गदरपुर हाईवे होते हुए ब्लॉक कार्यालय की ओर जाने वाले बाईपास कट के पास संदिग्ध अर्टिगा कार संख्या HR55AT-9269 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से 21.450 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
मामले में पुलिस ने राजेश कुमार (48) निवासी ग्राम जैनपुर, थाना हथीन, जिला पलवल, हरियाणा और प्रशांत शिकारी (41) निवासी मलिक कॉलोनी, वार्ड नंबर 31, रुद्रपुर को गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रुद्रपुर में मु0अ0सं0 517/2026, धारा 8/20/60 NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
ओडिशा से लाकर रुद्रपुर में करते थे सप्लाई
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा के मल्कानगिरी से ददू उर्फ नीलू नामक व्यक्ति से गांजा लाकर रुद्रपुर में थोक और फुटकर में बेचते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में भी लगी है।
200 किलो गांजा बरामदगी के मामले में पहले जा चुका है जेल
पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजेश कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह वर्ष 2020-21 में तेलंगाना राज्य के थाना भद्राचलम क्षेत्र में 200 किलो गांजे की बरामदगी के मामले में जेल जा चुका है। वर्तमान मामले में भी उसके द्वारा अर्टिगा कार पर टैक्सी नंबर का इस्तेमाल कर गांजा तस्करी किए जाने की बात सामने आई है।
SSP अजय गणपति ने दोहराया सख्त संदेश
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधमसिंहनगर में नशे के अवैध कारोबार और तस्करों के नेटवर्क के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों और उनके नेटवर्क के विरुद्ध आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, उपनिरीक्षक सुरेंद्र प्रताप बिष्ट, उपनिरीक्षक इंदर सिंह ढेला समेत ANTF और कोतवाली रुद्रपुर के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
