IMG_20261005_082323
  • SSP अजय गणपति के निर्देशन में डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया अपराधों से बचाव की दी जानकारी

ऊधम सिंह नगर। साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा आमजन को साइबर अपराधों से बचाने के लिए लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में इसी क्रम में थाना केलाखेड़ा पुलिस टीम ने बाजार बेरिया में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने आमजन को डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और कमजोर पासवर्ड से जुड़े जोखिमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। लोगों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और अपने ऑनलाइन खातों की सुरक्षा के लिए मजबूत पासवर्ड रखने की सलाह दी गई।

पुलिस टीम ने साइबर अपराध से बचाव के लिए “सावधानी, सतर्कता और सुरक्षा” तथा “रुको, सोचो, जांचो और रिपोर्ट करो” का मूल मंत्र अपनाने की अपील की। साथ ही साइबर अपराध से संबंधित कानूनी प्रावधानों और साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। आपातकालीन स्थिति में 112 पर सूचना देने के लिए भी जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान उपस्थित लोगों को साइबर सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। पुलिस टीम ने आमजन से साइबर अपराध के प्रति स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ इस जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

error: Content is protected !!