IMG-20260927-WA0113
  • एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई, पिथौरागढ़ निवासी दोनों आरोपियों पर NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज

रुद्रपुर/नानकमत्ता। जनपद उधम सिंह नगर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान और ऑपरेशन प्रहार के तहत नानकमत्ता पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी खटीमा के पर्यवेक्षण में बिसौटा चौकी पुलिस टीम ने 20.70 ग्राम स्मैक (हेरोइन) के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को की गई कार्रवाई में पिथौरागढ़ निवासी 18 वर्षीय अंशुमन बाल्मिकी के कब्जे से 10 ग्राम शुद्ध स्मैक तथा 18 वर्षीय निश्चल राज के कब्जे से 10.70 ग्राम शुद्ध स्मैक बरामद की गई। दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में कोतवाली नानकमत्ता में एफआईआर संख्या 222/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर स्मैक की खरीद-फरोख्त और तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। साथ ही दोनों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक नवल किशोर, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र ओली, कांस्टेबल दानिश अली और कांस्टेबल सुरेश गोस्वामी शामिल रहे।

error: Content is protected !!