- एएनटीएफ रुद्रपुर और किच्छा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 462 ग्राम मनःप्रभावी औषधि बरामद, मोटरसाइकिल, मोबाइल और नकदी भी मिली
रुद्रपुर/किच्छा। ऊधमसिंहनगर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एएनटीएफ रुद्रपुर और कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1200 SPASMED BLUE कैप्सूल, जिनका कुल वजन करीब 462 ग्राम बताया गया है, बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को क्षेत्राधिकारी एएनटीएफ प्रशांत कुमार के पर्यवेक्षण में एएनटीएफ रुद्रपुर और किच्छा पुलिस की टीम दरऊ चौकी क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वीरूनगला जाने वाले रास्ते पर मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 1200 SPASMED BLUE कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक बरामद मात्रा वाणिज्यिक मात्रा की श्रेणी में आती है।
पुलिस ने आरोपी की पहचान छोटे खां पुत्र शोहराब खान, निवासी ईश्वरीपुर, थाना शीशगढ़, जनपद बरेली, उम्र 40 वर्ष के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली किच्छा में धारा 08/22/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
मोटरसाइकिल, मोबाइल और नकदी भी बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 1200 SPASMED BLUE कैप्सूल के अलावा एक पैशन मोटरसाइकिल, 650 रुपये नकद और एक वीवो मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पूछताछ में सामने आया सप्लाई नेटवर्क
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कथित तौर पर ये कैप्सूल किच्छा निवासी अनीस अहमद से प्राप्त करता था और नशे के आदी युवकों को बेचता था। पुलिस के मुताबिक टांडा बहेड़ी क्षेत्र में क्लिनिक की आड़ में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूलों के कारोबार से जुड़ी जानकारी भी पूछताछ में सामने आई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
एसएसपी ने कहा- नशे के नेटवर्क पर होगी सख्त कार्रवाई
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधमसिंहनगर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल तस्करों और उनके नेटवर्क के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने आमजन से नशे की तस्करी या बिक्री की सूचना पुलिस को देने की अपील की।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, उपनिरीक्षक सुरेंद्र प्रताप बिष्ट, उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद समेत एएनटीएफ और किच्छा पुलिस के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
