- राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सुल्तानपुर में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने आयोजित की जागरूकता गोष्ठी, 1098 और 112 हेल्पलाइन की दी जानकारी
बाजपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, ऊधमसिंहनगर की ओर से 24 सितंबर 2026 को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सुल्तानपुर, बाजपुर में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को मानव तस्करी और बाल सुरक्षा से जुड़े अपराधों के प्रति जागरूक करना रहा।

जागरूकता गोष्ठी में बाल कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग और चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान छात्राओं को मानव तस्करी, बाल तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह, बाल शोषण और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने छात्राओं को अनजान लोगों के बहकावे, लालच या किसी भी प्रकार के प्रलोभन से सावधान रहने की अपील की। साथ ही किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रतिनिधियों ने बच्चों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा से संबंधित जानकारी साझा करते हुए बताया कि किसी बच्चे को सहायता या संरक्षण की आवश्यकता होने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं, किसी आपात स्थिति में पुलिस आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना देने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि बाल विवाह, बाल श्रम, बाल शोषण और मानव तस्करी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस, प्रशासन, शिक्षा विभाग, बाल कल्याण विभाग एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के समन्वय से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
अंत में छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ से अपील की गई कि बच्चों से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित विभाग या पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई करते हुए बच्चों को सुरक्षित एवं संरक्षित किया जा सके।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन:
📞 चाइल्ड हेल्पलाइन — 1098
📞 पुलिस आपातकालीन सेवा — 112
