- जवानों के टर्नआउट का किया निरीक्षण, नियमित व्यायाम और शस्त्रों के संचालन व रख-रखाव को लेकर दिए दिशा-निर्देश
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन रुद्रपुर में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। परेड में जनपद के राजपत्रित पुलिस अधिकारी, समस्त थाना प्रभारी, पुलिस कार्यालय और पुलिस लाइन के अधिकारी एवं जवानों ने प्रतिभाग किया।

परेड के दौरान एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस जवानों के टर्नआउट का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस विभाग की गरिमा बनाए रखने के लिए उच्च स्तर का अनुशासन कायम रखने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने जवानों को मानसिक और शारीरिक रूप से फिट रहने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन के लिए नियमित व्यायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाने के निर्देश दिए, ताकि पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
परेड के दौरान जवानों को शस्त्रों के संचालन और रख-रखाव से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी गई। इसके बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
