IMG-20260914-WA0028
  • पुलिस ने 800 लीटर लहन किया नष्ट, तीन आरोपी मौके से फरार; एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर कार्रवाई

सितारगंज। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली सितारगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने बसगर वन विभाग बैरियर से करीब एक किलोमीटर अंदर जंगल में चल रही अवैध कच्ची शराब की भट्टी का भंडाफोड़ किया।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जंगल में दबिश दी। मौके पर झाड़ियों की आड़ में कच्ची शराब की भट्टी जलती मिली। पुलिस के पहुंचने से पहले ही भट्टी के पास मौजूद तीन व्यक्ति जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने मौके से लगभग 200 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की।

जांच के दौरान जमीन में गड्ढा खोदकर लकड़ी जलाने और लोहे के ड्रमों के जरिए कच्ची शराब तैयार किए जाने की बात सामने आई। मौके से शराब बनाने के उपकरणों में दो लोहे के ड्रम, दो एल्युमिनियम पाइप, दो अधजली लकड़ियां, दो प्लास्टिक की बाल्टियां और तीन रबर की ट्यूब बरामद की गईं।

इसके अलावा शराब बनाने के लिए तैयार किया जा रहा करीब 800 लीटर लहन भी मौके से बरामद हुआ, जिसे पुलिस टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया।

बरामदगी के संबंध में कोतवाली सितारगंज में मु0अ0सं0 460/2026, धारा 60(1)/60(2) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश और तलाश कर रही है।

फरार आरोपी: सोनू सिंह निवासी कुशमोड़ा, गुरमीत सिंह निवासी कुशमोड़ा और संजू सिंह निवासी बसगर शक्तिफार्म, सितारगंज बताए गए हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, उपनिरीक्षक जगदीश तिवारी, अपर उपनिरीक्षक कमलेश मेहरा, हेड कांस्टेबल मतलूब खान, हेड कांस्टेबल नवनीत कुमार और कांस्टेबल सचिन शामिल रहे।

error: Content is protected !!