IMG-20260907-WA0014
  • मातृशक्ति ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां
  • पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए किया पौधरोपण

रुद्रपुर। सोनिया होटल में पूर्वांचल समाज की मातृशक्ति की ओर से हरितालिका तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री धीरेंद्र मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने देवाधिदेव महादेव, माता पार्वती और नंदी महाराज का विधि विधान से पूजन अर्चन किया।

महोत्सव के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। मुख्य अतिथि धीरेंद्र मिश्रा सहित आयोजकों और उपस्थित लोगों ने पौधरोपण किया। साथ ही श्रद्धालुओं को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। तीज के पारंपरिक गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से कार्यक्रम स्थल उत्सवी माहौल में नजर आया।

मुख्य अतिथि धीरेंद्र मिश्रा ने कहा कि हरितालिका तीज भारतीय संस्कृति, आस्था और लोक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल समाज की मातृशक्ति ने जिस उत्साह और श्रद्धा के साथ इस आयोजन को भव्य रूप दिया, वह सराहनीय है।

उन्होंने आयोजन मंडल और पूर्वांचल समाज की सभी माताओं और बहनों का आयोजन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और एकजुटता भी मजबूत होती है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और अखंड सौभाग्य बनाए रखने की कामना की।

धीरेंद्र मिश्रा ने पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण और पौधों के वितरण की पहल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम में आयोजनकर्ता श्वेता पाठक, प्रभा सिंह, निशा मिश्रा, संगीता मिश्रा, ज्योति, स्नेहा तिवारी, नीलू शर्मा, छवि मिश्रा, नंदनी नारंग, शिवानी सिंह सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और समाज के लोग मौजूद रहे।

error: Content is protected !!