- सितारगंज पुलिस ने 14.18 ग्राम स्मैक के साथ आई-10 कार, बाइक और 4 मोबाइल फोन किए बरामद
सितारगंज। ऊधमसिंहनगर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत SSP अजय गणपति के निर्देशन में सितारगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान तीन कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 14.18 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद की है। पुलिस ने स्मैक के परिवहन में प्रयुक्त एक आई-10 कार, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए हैं।
पहली कार्रवाई बिज्टी चौराहा क्षेत्र में की गई। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध आई-10 कार को रोककर जांच की। पुलिस के अनुसार, कार सवार दोनों व्यक्तियों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 8.33 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने स्मैक के परिवहन में प्रयुक्त आई-10 कार संख्या UK06AC1937 और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए।
दूसरी कार्रवाई ग्राम दियूधार क्षेत्र में हुई। यहां चेकिंग के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिया। पुलिस के मुताबिक, पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके कब्जे से 5.85 ग्राम स्मैक बरामद हुई। मौके से हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UK06AP6757 और दो मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवेश कुमार आर्य उर्फ दिव्येश कुमार, निवासी सिसोना, सितारगंज, उम्र 33 वर्ष; अमनदीप, निवासी ग्राम सिंघाईखुर्द, थाना सम्पूर्णानगर, जिला लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी सिसोना, सितारगंज, उम्र 25 वर्ष; और आकाशदीप सिंह, निवासी ग्राम बनवसा, थाना खटीमा, ऊधमसिंहनगर, उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है।
कुल बरामदगी
दोनों पुलिस कार्रवाइयों में कुल 14.18 ग्राम स्मैक (हेरोइन), एक आई-10 कार, एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
बरामदगी के संबंध में कोतवाली सितारगंज में मु0अ0सं0 442/2026 एवं 443/2026, धारा 8/21/60 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई SSP अजय गणपति के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक सहित सितारगंज पुलिस टीम द्वारा की गई।
