- उत्तराखंड लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, एसएसपी अजय गणपति और महापौर विकास शर्मा ने किया शुभारंभ; सितारगंज की झांकी रही प्रथम
रुद्रपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर पुलिस लाइन रुद्रपुर में भव्य जन्माष्टमी महोत्सव एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति और महापौर रुद्रपुर विकास शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा समेत शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस परिवार के सदस्य मौजूद रहे। उत्तराखंड की लोक संस्कृति की थीम पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

जन्माष्टमी के अवसर पर जनपद के विभिन्न थानों, फायर यूनिट, यातायात पुलिस, संचार शाखा एवं अन्य शाखाओं की ओर से आकर्षक झांकियां भी तैयार की गईं। झांकी प्रतियोगिता में कोतवाली सितारगंज ने प्रथम, कोतवाली ट्रांजिट कैंप ने द्वितीय और कोतवाली जसपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सांस्कृतिक संध्या में पुलिस लाइन के बच्चों और पुलिस कर्मियों ने विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं लोकगायक गोविंद दिगारी, खुशी जोशी और श्वेता महारा ने अपनी रंगारंग एवं लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों पर पुलिस परिवार और मौजूद दर्शक झूमते नजर आए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद एसएसपी अजय गणपति ने सपरिवार पुलिस लाइन स्थित मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान जनपद के राजपत्रित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मचारियों ने भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की पूजा में भाग लिया। सामूहिक आरती के साथ वातावरण भक्तिमय हो उठा और उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस परिवार और समस्त जनपदवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के संदेश को याद करते हुए समाज में शांति, प्रेम, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर, पुलिस अधीक्षक काशीपुर, समस्त राजपत्रित अधिकारी, जनपद के थानाध्यक्ष, प्रतिसार निरीक्षक, पुलिस कर्मचारी, शहर के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
