IMG-20260905-WA0149
  • विधायक शिव अरोड़ा बोले—दलित समाज को बरगलाना बंद करें राहुल गांधी, आरोपों का प्रमाण दें; हिन्दू समाज को जातियों में बांटने की कोशिश सफल नहीं होगी
  • सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार प्रदर्शन, बैरिकेडिंग पर पुलिस से हुई तीखी नोकझोंक कांग्रेस के खिलाफ दिखा जमकर उबाल

रुद्रपुर। राहुल गांधी और कांग्रेस की कथित झूठ एवं विभाजनकारी राजनीति के विरोध में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने रुद्रपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस के कलेक्ट्रेट कूच कार्यक्रम के पलटवार में भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट कूच के लिए निकले। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की, जिसके दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कांग्रेस का पुतला दहन किया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए विधायक शिव अरोड़ा ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठ के सहारे समाज को बांटने और दलित समाज को बरगलाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को जातियों में बांटने की कोशिश सफल नहीं होगी।

शिव अरोड़ा ने रामलीला मैदान में हुए शुद्धिकरण यज्ञ को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने राहुल गांधी से आरोपों के प्रमाण सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस के पास प्रमाण है कि यज्ञ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जाति के कारण किया गया था, तो वह प्रमाण जनता के सामने रखे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह भी प्रमाण दे कि शुद्धिकरण यज्ञ के दौरान किसी व्यक्ति ने मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम लेकर उनकी जाति को लेकर कोई टिप्पणी की थी। शिव अरोड़ा ने कहा कि प्रमाण के अभाव में इस धार्मिक विषय को जातिगत विवाद से जोड़ना समाज को भ्रमित करने का प्रयास है।

विधायक ने दावा किया कि शुद्धिकरण यज्ञ में दलित समाज के लोग भी शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस धार्मिक विषय को जातिगत विवाद का रूप देकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी से दलित समाज को गुमराह करने के आरोपों पर माफी मांगने की मांग भी की।

शिव अरोड़ा ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए रुद्रपुर में कथित भड़काऊ बयानों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस के हर आरोप और दुष्प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देगी।

कांग्रेस झूठ की राजनीति से बाज आए : कमल जिंदल

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि कांग्रेस लगातार झूठे और भ्रामक मुद्दों को हवा देकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के पास अपने आरोपों के समर्थन में प्रमाण हैं तो उन्हें जनता के सामने रखा जाए। भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के कथित दुष्प्रचार का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे।

देवभूमि में कांग्रेस की झूठ की दुकान बंद होगी : मेयर विकास शर्मा

मेयर विकास शर्मा ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस की कथित झूठ की राजनीति का डटकर मुकाबला करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता सब देख और समझ रही है और कांग्रेस की झूठ की दुकान अब देवभूमि में बंद होकर रहेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास विकास और जनहित के ठोस मुद्दे नहीं हैं, इसलिए वह जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर कांग्रेस के हर झूठ का पर्दाफाश करेंगे।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा पुतला दहन किया। कलेक्ट्रेट कूच के दौरान पुलिस द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग पर कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शन में भाजपा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस दौरान दर्जामंत्री रामपाल, उत्तम दत्ता, पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, सुरेश कोली, भारत भूषण चुघ, तरुण दत्ता, अमित नारंग, उपेंद्र चौधरी, राकेश सिंह, रश्मि रस्तोगी, धीरेन्द्र मिश्रा, अनिल चौहान, वेद ठुकराल, सुनील ठुकराल, जगदीश विश्वास, धीरेश गुप्ता, पवन राणा, एमपी मौर्य, राधेश शर्मा, निमित्त शर्मा, कैलाश राठौर, राजेंद्र राठौर, मुकेश रस्तोगी, सुशील चौहान, प्रमोद शर्मा, जॉनी भाटिया, एसपी यादव, गीता शर्मा, शम्मी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!