- “ढीला-ढाला रवैया नहीं चलेगा, एक सप्ताह में फर्नीचर नहीं लगा तो तय होगी जिम्मेदारी” — शिव अरोरा
- NMC के मानकों को पूरा कर 2026-27 सत्र से MBBS शुरू कराने के लिए अंतिम प्रयास में आवेदन हेतु जुटा मेडिकल कॉलेज
रुद्रपुर। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MBBS की कक्षाएं शुरू कराने के लक्ष्य को लेकर विधायक शिव अरोरा ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य, इंफ्रास्ट्रक्चर, फर्नीचर और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कार्य की धीमी गति और सामने आई कमियों को लेकर विधायक ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान विधायक शिव अरोरा ने कार्यदायी संस्था पेयजल निगम के जीएम नरेंद्र नवानी और संबंधित ठेकेदार प्रतिनिधि अनुज गोयल से कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में ढीला-ढाला रवैया किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह रुद्रपुर समेत पूरे कुमाऊं की उम्मीदों से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है और इसके निर्माण व व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
एक सप्ताह में फर्नीचर लगाने के निर्देश
विधायक ने पेयजल निगम के जीएम नरेंद्र नवानी को निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज में आवश्यक फर्नीचर लगाने का काम एक सप्ताह के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि तय समयसीमा में कार्य पूरा नहीं हुआ तो संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही मिलने पर मामले को उच्च स्तर पर उठाकर कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि अब बहाने नहीं, बल्कि परिणाम चाहिए। जिस अधिकारी या संस्था को जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका निर्वहन पूरी गंभीरता से किया जाना चाहिए।
NMC के मानकों को पूरा करने पर जोर
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि NMC के दूसरे प्रयास के दौरान इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कमियों के कारण आवेदन स्वीकृत नहीं हो सका था। अब अंतिम प्रयास से पहले मेडिकल कॉलेज में NMC के सभी आवश्यक मानकों को हर हाल में पूरा करना होगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले कुछ दिनों में कार्य की गति कई गुना बढ़ाई जाए और जो भी कमियां सामने आई हैं, उन्हें युद्धस्तर पर दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि फैकल्टी, स्टाफ, फर्नीचर, इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी होनी चाहिए।
प्राचार्य को डे-टू-डे रिपोर्ट देने के निर्देश
विधायक ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सीपी बसेरा को सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य, फर्नीचर, स्टाफ, फैकल्टी और अन्य आवश्यक कार्यों की डे-टू-डे प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा, ताकि किसी भी स्तर पर होने वाली देरी को तत्काल दूर किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने चिकित्सा शिक्षा निदेशक आशुतोष सियाना से फोन पर वार्ता कर मेडिकल कॉलेज में आवश्यक फैकल्टी और मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
स्वास्थ्य मंत्री से भी कर चुके हैं मुलाकात
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज को इसी शैक्षणिक सत्र से शुरू कराने के लिए वह हाल ही में देहरादून में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से भी मुलाकात कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज से जुड़ी आवश्यक कार्यवाही जल्द पूरी कराने और 2026-27 सत्र से MBBS कक्षाएं शुरू कराने को लेकर चर्चा की थी।
विधायक ने कहा कि अब विभाग और कार्यदायी संस्थाओं के सामने लक्ष्य स्पष्ट है। अगले 10 दिनों में NMC के मानकों के अनुरूप सभी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा और अंतिम प्रयास के तहत केंद्र सरकार के समक्ष आवेदन किया जाएगा।
“मेडिकल कॉलेज केवल भवन नहीं, कुमाऊं के भविष्य की नींव”
शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है और विधायक बनने के बाद से वह इसके लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में इसी वर्ष से MBBS की पढ़ाई शुरू कराना है।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज केवल एक भवन नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य और पूरे कुमाऊं की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में यह संस्थान कुमाऊं के प्रमुख चिकित्सा एवं शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित होगा, जिसका लाभ ऊधम सिंह नगर सहित पूरे कुमाऊं क्षेत्र को मिलेगा।
विधायक ने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि अब काम में देरी का कोई बहाना स्वीकार नहीं होगा। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और मेडिकल कॉलेज को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार कर 2026-27 सत्र से MBBS कक्षाएं शुरू कराने के लक्ष्य को हर हाल में पूरा करें।
इस दौरान डॉ. चंद्र प्रकाश, प्राचार्य, नरेंद्र नवानी, परियोजना प्रबंधक पेयजल निगम, डॉ. सुमन पांडे, चिकित्सा अधीक्षक, डॉ. राजीव कुमार सिंह, सर्जन, डॉ. सृजन श्रीवास्तव, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष संदीप राव, मनोज मदान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
