IMG-20260827-WA0062
  • ऑपरेशन प्रहार के तहत बाजपुर पुलिस की कार्रवाई; आरोपी की निशानदेही पर .315 बोर का अवैध तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद

बाजपुर। ऊधमसिंह नगर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत जानलेवा हमले के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने फायरिंग की घटना के बाद कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए खुद को भी गोली मारकर अपने साथ घटना होने की झूठी कहानी रचने का प्रयास किया था।

पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को सर्वजोत सिंह उर्फ साब्बी ने ऋषिपाल नामक व्यक्ति पर जानलेवा नीयत से फायर किया था। मामले में कोतवाली बाजपुर में FIR संख्या 304/2026 के तहत बीएनएस, आर्म्स एक्ट और भारतीय साक्ष्य अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पूछताछ के दौरान 27 अगस्त 2026 को आरोपी सर्वजोत सिंह ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि ऋषिपाल पर फायरिंग करने के बाद कार्रवाई से बचने के लिए उसने अपने साथी धीरेन्द्र सिंह की मदद से उसी तमंचे से अपनी दाहिनी जांघ में गोली मार ली और खुद के साथ गोली चलने की कहानी बनाने का प्रयास किया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम रहेटा जाने वाली सड़क किनारे ट्यूबवेल के पास से घटना में प्रयुक्त .315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सर्वजोत सिंह उर्फ साब्बी पुत्र स्व. राजेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम बिराहा फार्म, थाना बाजपुर, ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। मामले में सह-अभियुक्त धीरेन्द्र सिंह को पुलिस 26 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जसविन्दर सिंह, उपनिरीक्षक एवं विवेचक संदीप शर्मा, अपर उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल प्रहलाद सिंह, कांस्टेबल बलवन्त सिंह और कांस्टेबल जीवन भट्ट शामिल रहे।

error: Content is protected !!