- पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंचे परिजन, पुलिस ने तलाश तेज करने का दिया आश्वासन
रुद्रपुर। शिवनगर और लालपुर क्षेत्र से एक साथ तीन किशोरियों के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरियों की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में परिजनों और क्षेत्रवासियों ने ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंचकर सांकेतिक प्रदर्शन किया और पुलिस को तहरीर सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

पुलिस को दी गई तहरीर में शिवनगर निवासी रोशनी रस्तौगी ने बताया कि 13 अगस्त को उनकी पुत्री नेहा नीलकंठ कॉलोनी फेस-1, लालपुर स्थित अपनी बुआ के घर गई थी। रात करीब आठ बजे जब वह अपने पति के साथ बेटी को लेने बुआ के घर पहुंचीं तो नेहा वहां मौजूद नहीं थी। परिजनों ने संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
छानबीन के दौरान परिजनों को पता चला कि नेहा के साथ लालपुर नीलकंठ कॉलोनी निवासी माही रस्तौगी और अंजलि कश्यप भी अपने घर से लापता हैं। परिजनों के अनुसार शाम करीब सात बजे नेहा की एक युवक से फोन पर बातचीत भी हुई थी। तीनों किशोरियों के एक साथ लापता होने से परिजन चिंतित हैं और उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से तत्काल कार्रवाई कर किशोरियों को सकुशल बरामद करने की मांग की।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि तीन किशोरियों का एक साथ लापता होना गंभीर मामला है। पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच करते हुए किशोरियों की जल्द बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस टीमों ने किशोरियों की तलाश शुरू कर दी है। संभावित ठिकानों के साथ ही मामले से जुड़े लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस अवसर पर अशोक रस्तौगी, बबलू रस्तौगी, गीता गुप्ता, सौरभ रस्तौगी, राकेश रस्तौगी, अजय रस्तौगी, विशाल रस्तौगी, राजेश रस्तौगी, रवि रस्तौगी, अरविंद रस्तौगी, अर्जुन रस्तौगी, राजपाल रस्तौगी, रोशनी रस्तौगी, मोहन लाल, चंचल रस्तौगी, शालिनी, आशा, रेखा, सोमवती, रामवती, पुष्पा, दीवाकर, उमेश, सुरेश, विजय पाल और नारायण पाल आदि मौजूद रहे।
