cm copy

धामी ने शहीदों को नमन कर युवाओं, सैनिकों, खेल और रोजगार पर रखा फोकस

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ और राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के बीच मुख्यमंत्री ने अमर शहीदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे वीर जवानों को नमन किया।
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित करने के साथ पुलिस के 14 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए गए। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने हाल की प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में सामने आई घोषणाओं ने स्पष्ट किया कि शहीदों के सम्मान, युवाओं के अवसर, सैनिक परिवारों के कल्याण और विकास की गतिकृउत्तराखंड के भविष्य की प्राथमिकताओं में प्रमुख हैं।

सैनिकों के सम्मान से युवाओं के भविष्य तक

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि बलिदानियों के आश्रितों की अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये तथा परमवीर चक्र विजेताओं के परिवारों की राशि 50 लाख से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये की गई है। प्रत्येक बलिदानी परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में समायोजित करने और सैनिकों को संपत्ति खरीद पर 25 प्रतिशत स्टाम्प शुल्क छूट का भी प्रावधान है। युवाओं के लिए ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ के तहत कक्षा 11वीं-12वीं के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को निःशुल्क ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग दी जाएगी। पहले चरण में 10 हजार विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा, जिसके लिए 7 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
खेलों में भी उत्तराखंड की नई पहचान को आगे बढ़ाने की तैयारी है। राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा 103 पदक जीतने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित करने की बात कही। महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और खेल विश्वविद्यालय पर भी कार्य जारी है।

स्वतंत्रता दिवस पर सात महत्वपूर्ण घोषणाएं

औद्योगिक विकासः चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित होंगे।
युवा आयोगः प्रदेश के प्रथम युवा आयोग की स्थापना की जाएगी।
सीमावर्ती क्षेत्रः युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार एवं उद्यम के लिए अतिरिक्त सहायता मिलेगी।
भूमिधरी अधिकारः वर्ग-3 एवं वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे।
आवासः प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा।
युवा स्वरोजगारः 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाएं शुरू होंगी।
कौशल और उद्यमिताः आईआईटी-आईआईएम जैसे संस्थानों के सहयोग से निःशुल्क प्रशिक्षण और बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि तक सरकारी अनुदान दिया जाएगा।

 

error: Content is protected !!