IMG-20260731-WA0020
  • सरल, सौम्य व्यवहार, विकास का विजन बना विधायक शिव अरोरा की पहचान, जन्मदिन पर बधाई देने वालों का लगा तातां

रुद्रपुर। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक शिव अरोरा का जन्मदिवस गुरुवार को अभूतपूर्व जनसमर्थन और उत्साह के साथ मनाया गया। धार्मिक अनुष्ठानों से लेकर विशाल जनआशीर्वाद सभाओं तक दिनभर चले कार्यक्रमों में हजारों लोगों ने सहभागिता कर विधायक शिव अरोरा को जन्मदिवस की शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया। समाज के विभिन्न वर्गों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, महिला शक्ति, युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति ने कार्यक्रमों को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

जन्मदिवस कार्यक्रमों की शुरुआत पांच मंदिर में आयोजित सुंदरकांड पाठ एवं पूजा-अर्चना से हुई, जहां क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने विधायक शिव अरोरा के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल सार्वजनिक जीवन की मंगलकामनाएं कीं।

इसके बाद भूतबंगला स्थित रामलीला मैदान में आयोजित विशाल जनआशीर्वाद कार्यक्रम में जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों समर्थकों ने फूल-मालाओं से विधायक शिव अरोरा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें पारंपरिक सम्मान स्वरूप तलवार एवं गदा भेंट की गई। कार्यक्रम में गूंजते नारों और तालियों के बीच समर्थकों ने विधायक के प्रति अपना विश्वास और समर्थन व्यक्त किया।

सिटी क्लब में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में महिला कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर विधायक शिव अरोरा को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं तथा जनहित में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की।

रुद्रपुर ग्रामीण क्षेत्र के धर्मनगर में आयोजित विशाल जनआशीर्वाद कार्यक्रम एवं भंडारे में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं और युवाओं ने भाग लिया। सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का अनूठा दृश्य देखने को मिला, वहीं हजारों श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर विधायक के उज्ज्वल भविष्य और क्षेत्र के विकास की कामना की।

ट्रांजिट कैंप स्थित नारायण कॉलोनी में आयोजित भव्य स्वागत समारोह में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने केक काटकर विधायक शिव अरोरा का जन्मदिवस मनाया। फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए समर्थकों ने उनके समर्थन में जोरदार नारे लगाए और दीर्घ एवं सफल सार्वजनिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।

दिनभर चले कार्यक्रमों में लोगों ने विधायक शिव अरोरा के नेतृत्व में रुद्रपुर विधानसभा में हुए विकास कार्यों, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान तथा जनता के बीच उनकी सक्रिय उपस्थिति की सराहना की। कार्यक्रमों में उमड़ी भारी भीड़ ने क्षेत्र की जनता के स्नेह, विश्वास और समर्थन का स्पष्ट संदेश दिया।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने सभी नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जन्मदिवस पर मिला जनता का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि वे रुद्रपुर विधानसभा के समग्र विकास, जनकल्याण और प्रत्येक नागरिक की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा और शक्ति है।

कार्यक्रमों में भाजपा जिला अध्यक्ष कमल जिंदल, दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता, जिला महामंत्री तरुण दत्ता सहित भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!