- बगवाड़ा क्षेत्र में पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद; घायल आरोपी अस्पताल में भर्ती
रुद्रपुर। रुद्रपुर में गैंगरेप प्रकरण के फरार आरोपियों की तलाश के दौरान सोमवार देर रात पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि गैंगरेप मामले में वांछित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, गैंगरेप की घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 27 जुलाई की देर रात बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि आरोपी रुकने के बजाय भागने लगे और घेराबंदी किए जाने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गुरबाज उर्फ मानु के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं मौके से जोगा सिंह और रविंदर को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस तथा घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
घायल आरोपी गुरबाज उर्फ मानु से अस्पताल में भी पूछताछ की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
- गुरबाज उर्फ मानु (23), निवासी ग्राम कलकत्ती, थाना गदरपुर, ऊधम सिंहनगर
- जोगा सिंह (24), निवासी ग्राम अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश)
- रविंदर (19), निवासी ग्राम अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश)
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
