IMG-20260723-WA0047
  • निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का मिला भरोसा, लेआउट की औपचारिकताएं पूरी कर तेजी से काम शुरू करने का दावा

रुद्रपुर/किच्छा। किच्छा में प्रस्तावित कम्युनिटी हॉल के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ ने गुरुवार को रुद्रपुर स्थित मंडी परिषद मुख्यालय पर सांकेतिक धरना दिया। अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद उन्होंने धरना समाप्त कर दिया।

धरने को संबोधित करते हुए विधायक बेहड़ ने कहा कि रुद्रपुर की तर्ज पर किच्छा में भी आधुनिक कम्युनिटी हॉल का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे सामाजिक, धार्मिक, वैवाहिक और अन्य जनहित के कार्यक्रम कम खर्च में आयोजित किए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि इसका सबसे अधिक लाभ गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को मिलेगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा विधानसभा क्षेत्रों के विकास के लिए मांगे गए प्रस्तावों के तहत किच्छा में कम्युनिटी हॉल, जीजीआईसी, अस्पताल, फायर ब्रिगेड और स्टेडियम सहित कई विकास कार्य स्वीकृत किए गए थे। कम्युनिटी हॉल परियोजना का टेंडर पूरा होने के बाद 8 जुलाई 2026 को भूमि पूजन भी कर दिया गया, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया।

विधायक ने आरोप लगाया कि भूमि पूजन के बाद केवल लेआउट में मामूली सुधार का हवाला देकर कार्य रोक दिया गया। उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था से निर्माण शुरू कराने का आग्रह किया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बरसात के मौसम को देखते हुए उन्होंने कम से कम आधार स्तर तक निर्माण कराने का भी अनुरोध किया था, ताकि जलभराव जैसी समस्या उत्पन्न न हो।

धरने की सूचना मिलते ही मंडी परिषद के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लेआउट संबंधी प्रक्रिया शुरू कराई और निर्माण स्थल पर मजदूर भी पहुंच गए। विधायक बेहड़ ने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों को अधिकारियों को जगाने के लिए धरना देने की नौबत नहीं आनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि लेआउट से जुड़ी सभी औपचारिकताएं तत्काल पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन का सम्मान करते हुए उन्होंने अपना सांकेतिक धरना समाप्त कर दिया। साथ ही मंडी परिषद से निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और अधिकारियों द्वारा समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करने की भी मांग की।

धरने के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, क्षेत्र पंचायत सदस्य सर्वेश सिंह, गुरदास कालड़ा, प्रेम आर्या, कांग्रेस नगर अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष गुलशन सिंधी, दर्शन कोहली, अशोक चुघ, ओमप्रकाश दुआ, दिनेश पंत, जीवन जोशी, गुरचरण सिंह, हरभजन सिंह, सरजू, प्रांजल गाबा, विक्रमजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

error: Content is protected !!