IMG-20260721-WA0025
  • सीलिंग, नजूल और दानपत्र भूमि पर बसे परिवारों को विद्युत संयोजन देने तथा पूर्व आदेश निरस्त करने की उठाई मांग

रुद्रपुर। सीलिंग भूमि, नजूल भूमि और ट्रांजिट कैंप की दानपत्र भूमि पर बसे परिवारों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया को ज्ञापन सौंपकर तत्कालीन जिलाधिकारी के 31 मई 2023 तथा सचिव विकास प्राधिकरण के 28 नवंबर 2025 के आदेशों को निरस्त करने और जिला मुख्यालय की सभी आवासीय कॉलोनियों में विद्युत संयोजन बहाल करने की मांग की।

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि वर्तमान में सैकड़ों परिवार भीषण गर्मी के बीच बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। विद्युत संयोजन नहीं मिलने के कारण लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनहित को देखते हुए पूर्व में जारी आदेशों को निरस्त कर लोगों को राहत दी जानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और आसपास की मलिन बस्तियों में हजारों परिवार वर्षों से दानपत्र भूमि पर निवास कर रहे हैं। स्वामित्व संबंधी दस्तावेज और रजिस्ट्री नहीं होने के कारण उन्हें बिजली कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है।

ठुकराल ने कहा कि फाजलपुर मेहरोला क्षेत्र की प्रीत विहार, तराई विहार, लोक विहार, बराड़ नगर, अपना इंक्लेव सहित अन्य कॉलोनियों में भी सैकड़ों परिवार स्थायी रूप से रह रहे हैं। इनमें कई परिवार रजिस्ट्री वाली और नजूल भूमि पर निवास कर रहे हैं, लेकिन भूमि सीलिंग संबंधी प्रतिबंधों के चलते न तो संपत्ति का क्रय-विक्रय हो पा रहा है और न ही दाखिल-खारिज एवं रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी हो रही है। इसका सीधा असर बिजली कनेक्शन मिलने पर पड़ रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि सीलिंग भूमि, नजूल भूमि और दानपत्र भूमि पर बसे परिवारों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रखा जाए। साथ ही इन परिवारों को मालिकाना हक प्रदान कर संबंधित भूमि को फ्रीहोल्ड किए जाने की भी मांग उठाई गई।

इस दौरान संजीव गुप्ता, संजय ठुकराल, ब्रजेन मंडल, ललित बिष्ट, रामकुमार गुप्ता, संजय कुमार, कुंवर पाल कोली, हिम्मत राम कोली, उनैजा फातमा, विमला देवी, सुनीता, ममता, कलावती, आशिया अंसारी, नाजमा, नेहा, रूबीना, शमीला, मेहनाज बी, विवेक, अंजुम, राहुल, यासमीन, काव्या, बाबू राम, फैसल, रूबल कौर, दीपक, रेशमा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

error: Content is protected !!