IMG-20260720-WA0020
  • 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से बाजपुर पुलिस को मिली सफलता, एसएसपी अजय गणपति ने टीम को ₹5,000 इनाम देने की घोषणा

बाजपुर। ऊधम सिंह नगर के बाजपुर में सुनार की दुकान में हुई करीब 34 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने शत-प्रतिशत खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 82.74 ग्राम सोने के आभूषण, 10.666 किलोग्राम चांदी के आभूषण, ₹39,500 नकद तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद खुलासा करने वाली टीम को ₹5,000 के पुरस्कार की घोषणा की गई है।

पुलिस के अनुसार 9 जुलाई 2026 को ओम ज्वैलर्स के स्वामी ओमकार वर्मा ने कोतवाली बाजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 जुलाई की रात अज्ञात चोर दुकान का शटर तोड़कर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, सीसीटीवी का एनवीआर और टीवी चोरी कर ले गए। मामले में एफआईआर दर्ज कर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मैनुअल सर्विलांस, सुरागरसी और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। लगातार प्रयासों के बाद 19/20 जुलाई की रात किशनपुर-मौलागढ़ बॉर्डर से तीनों आरोपियों को घटना में प्रयुक्त ऑटो संख्या UK18TA-2192 सहित गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने दुकान के सीसीटीवी कैमरों के तार काटकर शटर का ताला तोड़ने और चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजम, इस्लाम और करमरूद्दीन के रूप में हुई है। इनमें मुख्य आरोपी आजम के खिलाफ पूर्व में चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में चोरी, लूट और संगठित अपराध करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी विश्लेषण और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से अपराधियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाया जाएगा तथा आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

error: Content is protected !!