- सीडीओ के साथ अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों का जाना हाल, स्वास्थ्य मंत्री ने जल्द चिकित्सकों की तैनाती का दिया भरोसा
रुद्रपुर। रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दिवेश शाशनी के साथ जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, मरीजों को मिल रहे उपचार और डॉक्टरों की कमी का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उपचार संबंधी जानकारी प्राप्त की।
अस्पताल में आयोजित समीक्षा बैठक में विधायक ने हाल ही में हुए चिकित्सकों के स्थानांतरण के बाद बनी रिक्तियों पर चिंता जताई। उन्होंने पीएमएस से स्थानांतरित और नए तैनात होने वाले डॉक्टरों का विस्तृत विवरण तैयार करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि आठ डॉक्टरों के स्थानांतरण के बाद उनके स्थान पर नए चिकित्सकों की तैनाती के आदेश जारी हो चुके हैं, जबकि दो स्त्री रोग विशेषज्ञ और एक रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के आदेश अभी शेष हैं।

विधायक शिव अरोरा ने बताया कि उन्होंने इस गंभीर विषय को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल को पत्र लिखा है। साथ ही स्वास्थ्य मंत्री से दूरभाष पर बातचीत भी की, जिसमें मंत्री ने आश्वासन दिया कि अगले कुछ दिनों में सभी रिक्त पदों पर चिकित्सकों की तैनाती कर दी जाएगी और लंबित आदेश भी जल्द जारी होंगे।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर जिला अस्पताल पूरे जिले के हजारों लोगों के उपचार का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में बाल रोग, स्त्री रोग, फिजिशियन, हड्डी रोग और रेडियोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण विभागों में डॉक्टरों की कमी को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने इमरजेंसी वार्ड से लेकर जनरल वार्ड तक का भ्रमण किया और भर्ती मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों की सबसे अधिक निर्भरता जिला अस्पताल पर होती है, इसलिए यहां स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर सीडीओ दिवेश शाशनी, पीएमएस डॉ. ए.एम. शर्मा, डॉ. इरशाद, पार्षद निमित शर्मा, भाजपा मंडल महामंत्री राधेश शर्मा, जितेंद्र चौहान, मयंक कक्कड़, के.पी. राठी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
