- पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल बोले— धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार, भाईचारा और सकारात्मक वातावरण को करते हैं मजबूत
रुद्रपुर। ग्राम सभा किरतपुर में श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता से निकली इस यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल में रंग दिया। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन करते हुए नगर भ्रमण किया, जिससे मार्ग श्रद्धा और आस्था के जयघोष से गूंज उठा।
कलश यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने श्रद्धालुओं का अभिवादन करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा को सशक्त बनाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में नैतिक मूल्यों, संस्कारों और आपसी भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
राजकुमार ठुकराल ने कहा कि धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का माध्यम हैं। इससे समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है और लोगों में धर्म तथा संस्कृति के प्रति आस्था और जागरूकता बढ़ती है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एडवोकेट सर्वेश सिंह, प्रदीप यादव, मलखान सिंह, सर्वेश सिंह, आशीष यादव, सन्ना गुप्ता, ललित बिष्ट, दिनेश चौहान, मनोज वैष्णव महाराज, संदीप महाराज, विनीत महाराज, रोहित महाराज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कथा के शुभारंभ को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और धार्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिला।
