IMG_20260715_153543
  • एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में जनपदभर में चला विशेष अभियान, डेसिबल सीमा और निर्धारित समय का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई, भविष्य में भी सख्ती के संकेत

रुद्रपुर। सुप्रीम कोर्ट के ध्वनि प्रदूषण संबंधी दिशा-निर्देशों के शत-प्रतिशत अनुपालन के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने जनपदभर में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना अनुमति संचालित, निर्धारित डेसिबल सीमा से अधिक ध्वनि करने वाले तथा तय समयावधि का उल्लंघन करने वाले लाउडस्पीकरों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कई स्थानों पर धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटवाए गए, जबकि कुछ मामलों में पुलिस एक्ट के तहत चालान भी किए गए।

एसएसपी अजय गणपति द्वारा सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुरूप ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। इसी क्रम में पुलिस टीमों ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों पर लगे ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निरीक्षण किया। जहां भी निर्धारित मानकों या समय सीमा का उल्लंघन मिला, वहां तत्काल कार्रवाई करते हुए लाउडस्पीकर हटवाए गए।

पुलिस ने विशेष रूप से रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक की शांत अवधि (साइलेंट आवर्स) और निर्धारित डेसिबल सीमा के पालन पर जोर दिया। अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य साइलेंस जोन क्षेत्रों के आसपास भी ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए सघन जांच अभियान चलाया गया, ताकि आमजन को राहत मिल सके और सार्वजनिक शांति बनी रहे।

अभियान के तहत जसपुर में दो, काशीपुर में एक, आईटीआई थाना क्षेत्र में दो, केलाखेड़ा में दो, किच्छा में दो, नानकमत्ता में एक तथा खटीमा क्षेत्र में चार मस्जिदों से कुल सात लाउडस्पीकर हटाए गए। किच्छा में दो और खटीमा में चार व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान भी किए गए।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस कानून व्यवस्था, सार्वजनिक शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय और शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य है तथा भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

error: Content is protected !!