- कानून व्यवस्था मजबूत करने पर जोर, 10 उत्कृष्ट पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित, बाहरी राज्यों के शस्त्र लाइसेंस सत्यापन और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति की अध्यक्षता में मंगलवार को पुलिस कार्यालय में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी करते हुए सभी अधिकारियों को सख्ती से उनका पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले कबूतरबाजी एजेंटों के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिले में संचालित इमिग्रेशन एजेंसियों के दस्तावेजों और वैध लाइसेंसों की सघन जांच करने को कहा गया। जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी और भू-माफियाओं के मामलों में त्वरित कार्रवाई के साथ नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान तेज करने तथा यदि किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता सामने आती है तो उसकी रिपोर्ट तत्काल उच्चाधिकारियों को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
एसएसपी ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने, न्यायालय से जारी लंबित ई-समनों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने तथा जनपद में रह रहे बाहरी राज्यों के शस्त्र लाइसेंस धारकों का सतर्कता के साथ पुलिस सत्यापन करने के निर्देश दिए। इसके अलावा एक वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित साइबर अपराधों के मामलों का शीघ्र निस्तारण और चालान प्रक्रिया की गुणवत्ता में सुधार पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को ड्यूटी के दौरान बॉडी वॉर्न कैमरा और हेडसेट का अनिवार्य उपयोग करने के निर्देश दिए गए। थाना और चौकी प्रभारियों को नागरिकों एवं व्यापारियों को अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए जागरूक करने को कहा गया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि किसी क्षेत्र में फायरिंग की घटना होने पर संबंधित चौकी प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। एसएसपी अजय गणपति ने सभी अधिकारियों से जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा आम जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
