IMG-20260714-WA0165
  • एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में तीन विशेष टीमों का जनपदव्यापी अभियान, 678 लाइसेंसों के सत्यापन में 119 शस्त्र भी कराए गए जमा

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अपराध मुक्त देवभूमि के संकल्प को साकार करने की दिशा में ऊधम सिंह नगर पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जनपदभर में संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन कर बाहरी राज्यों और गैर जनपदों से जारी शस्त्र लाइसेंसों की गहन जांच की गई।

पुलिस के अनुसार अब तक सत्यापन के लिए चिन्हित 678 शस्त्र लाइसेंसों में से 626 का सत्यापन पूरा किया जा चुका है। जांच के दौरान 108 शस्त्र लाइसेंस संदिग्ध पाए गए, जिनमें से 94 लाइसेंस पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं, जबकि 119 शस्त्र संबंधित थानों में जमा कराए गए हैं। संदिग्ध लाइसेंसों की वैधानिकता और उनके निर्गमन की प्रक्रिया की विस्तृत जांच अभी भी जारी है।

पूरे अभियान की शुरुआत 11 जून 2026 को कोतवाली कुण्डा में दर्ज एक मुकदमे की विवेचना के दौरान हुई। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार शस्त्र और दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए थे। जांच में यह तथ्य सामने आया कि जनपद में बाहरी राज्यों एवं अन्य जनपदों से जारी कई संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के आधार पर हथियार खरीदे और उपयोग किए जा रहे थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने 25 जून 2026 को तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। इन टीमों ने जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। सबसे अधिक कार्रवाई बाजपुर, गदरपुर, केलाखेड़ा, कुण्डा, काशीपुर, नानकमत्ता, जसपुर और सितारगंज क्षेत्रों में देखने को मिली, जहां बड़ी संख्या में संदिग्ध लाइसेंस चिन्हित कर नियमानुसार कब्जे में लिए गए तथा संबंधित शस्त्र जमा कराए गए।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधम सिंह नगर में फर्जी, संदिग्ध अथवा नियम विरुद्ध तरीके से प्राप्त किए गए शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

error: Content is protected !!