- एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मिली सफलता, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने पोक्सो एक्ट के एक गंभीर मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी एक विधि विवादित किशोर को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को कोतवाली रुद्रपुर में एक नाबालिग बालिका के साथ गंभीर अपराध किए जाने संबंधी तहरीर प्राप्त हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर संख्या 339/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं पोक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रपुर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। एसओजी और सर्विलांस टीम की सहायता से तकनीकी व मैनुअल साक्ष्य जुटाए गए तथा विभिन्न स्थानों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया।
जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर 9 जुलाई 2026 को नामजद आरोपी मनोज कुमार (32 वर्ष), पुत्र नोनी राम, निवासी ग्राम बड़ौरी, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, मुख्य आरोपी एक विधि विवादित किशोर को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले में पोक्सो एक्ट की धारा 16/17 भी बढ़ाई गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। वहीं, मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
इस संबंध में एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के प्रति ऊधमसिंहनगर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे मामलों में संलिप्त प्रत्येक आरोपी को कानून के दायरे में लाकर उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने और समाज में सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
