IMG-20260710-WA0011
  • एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ट्रांजिट कैंप पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से हुआ खुलासा

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद कर तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ट्रांजिट कैंप के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

जानकारी के अनुसार, 4 जून 2026 को जगतपुरा वार्ड नंबर-6 निवासी अंकुश प्रजापति ने उत्तराखंड पुलिस मोबाइल एप के माध्यम से अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (संख्या UK06L-9237) चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें तीन युवक मोटरसाइकिल चोरी करते हुए दिखाई दिए। इसके आधार पर ट्रांजिट कैंप थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश तेज कर दी। 9 जुलाई 2026 की रात उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र अपनी टीम के साथ परशुराम चौक से आनंदपुर रोड की ओर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर बैठे तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को मौके से दबोच लिया।
पूछताछ और वाहन की जांच में बरामद मोटरसाइकिल वही निकली, जो ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) और 317(2) की बढ़ोत्तरी करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंश खत्री उर्फ अक्की (19 वर्ष), रजत (22 वर्ष) और कमल मौर्य (21 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों वर्तमान में नैनीताल जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रह रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UK06L-9237) बरामद की है।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, अपर उपनिरीक्षक चन्द्रप्रकाश बवाड़ी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, कांस्टेबल गिरजा शंकर और कांस्टेबल हिमांशु आर्या की टीम ने अंजाम दिया।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। वाहन चोरी जैसी घटनाओं में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

error: Content is protected !!