- शारदा कॉरिडोर और शारदा रिवर फ्रंट परियोजनाओं से क्षेत्र को मिलेगी नई पहचान, स्थानीय युवाओं के लिए बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को ऊधमसिंह नगर जनपद के खटीमा क्षेत्र स्थित उभरते हुए पर्यटन स्थल लोहियाहेड वाटर बाईपास का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों से विकास कार्यों की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहियाहेड वाटर बाईपास में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। प्राकृतिक संसाधनों और स्थानीय विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए इस क्षेत्र को एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार विभिन्न योजनाओं पर कार्य कर रही है।
सीएम धामी ने बताया कि शारदा कॉरिडोर और शारदा रिवर फ्रंट जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के माध्यम से भी क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में काम किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही स्वरोजगार, छोटे व्यवसाय और लोगों की आय में भी वृद्धि होगी। सरकार का लक्ष्य राज्य के प्रत्येक क्षेत्र की पर्यटन क्षमता का बेहतर उपयोग कर स्थानीय लोगों को उसका प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाना है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारियों को लोहियाहेड वाटर बाईपास के विकास के लिए आवश्यक कार्रवाई तेजी से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किए जाएं।
