IMG-20260624-WA0110
  • बस, मैक्स, कार और दोपहिया वाहनों के लिए प्रशासन ने बनाया विशेष रूट प्लान, आमजन और कार्यकर्ताओं से सहयोग की अपील

रुद्रपुर। दिनांक 26 जून 2026 को प्रस्तावित वीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस विभाग ने शहर में यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए विस्तृत रूट प्लान और पार्किंग व्यवस्था जारी कर दी है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले आमजन, कार्यकर्ताओं, अधिकारियों और पत्रकारों के लिए अलग-अलग मार्ग और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

 

प्रशासन के अनुसार नैनीताल, हल्द्वानी और दिनेशपुर की ओर से आने वाले बस एवं मैक्स वाहन सिडकुल क्षेत्र से डीडी चौक तक पहुंचेंगे, जहां यात्रियों को उतारने के बाद मोदी मैदान में पार्किंग की जाएगी। वहीं खटीमा, सितारगंज और किच्छा की ओर से आने वाले वाहन तीनपानी और महाराजा पैलेस रूट से होकर निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगे।

काशीपुर, बाजपुर और गदरपुर की ओर से आने वाले वाहनों को गावा चौक और काशीपुर बाईपास मार्ग से होकर होमगार्ड्स मैदान में पार्क किया जाएगा, जबकि रामपुर और बिलासपुर रोड की ओर से आने वाले वाहन त्रिशूल चौक और रोडवेज मार्ग से होकर मोदी मैदान में पार्क होंगे।

कार और दोपहिया वाहनों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में शामिल महानुभावों के निजी वाहन सिंचाई विभाग परिसर में पार्क होंगे, जबकि ड्यूटीरत पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और पत्रकारों के वाहन न्यू ट्रैफिक लाइन में खड़े किए जाएंगे। वीआईपी वाहनों के लिए गांधी पार्क के बाहर विशेष पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित रूट प्लान का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।

error: Content is protected !!