IMG-20260623-WA0075
  • मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में त्योहारों को लेकर सतर्कता, सत्यापन अभियान, नशा तस्करों पर कार्रवाई और ‘ऑपरेशन प्रहार-लगाम’ के शत-प्रतिशत अनुपालन के दिए निर्देश; उत्कृष्ट कार्य करने वाले 18 पुलिसकर्मी सम्मानित

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आगामी त्योहारों की तैयारियों और मानसून आपदा प्रबंधन की व्यापक समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को आगामी त्योहारों के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।

मानसून सीजन को देखते हुए एसएसपी ने सभी थानों में उपलब्ध आपदा राहत उपकरणों को पूरी तरह तैयार और सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़, जलभराव या अन्य आपात स्थितियों में पुलिस का त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित होना चाहिए।

अपराध समीक्षा के दौरान लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर देते हुए एसएसपी ने क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही सक्रिय अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और असामाजिक तत्वों पर निरंतर निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में पुलिस मुख्यालय स्तर से संचालित ‘ऑपरेशन प्रहार’ और ‘ऑपरेशन लगाम’ के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने अवैध मादक पदार्थों, अवैध शराब, संगठित अपराध और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट और PIT-NDPS Act के तहत कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, घरेलू नौकरों और संदिग्ध लोगों का शत-प्रतिशत सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

एसएसपी अजय गणपति ने महिला सुरक्षा, जनसंवाद और साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता को प्राथमिकता देने पर बल देते हुए स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

गोष्ठी के दौरान प्रधानमंत्री राहत स्कीम, राहवीर योजना और ई-डीएआर पोर्टल के संबंध में भी अधिकारियों को जानकारी दी गई। वहीं कर्तव्य पालन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 18 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

error: Content is protected !!