IMG-20260623-WA0021
  • मां गंगा की गोद में जाम छलकाने और मांस पकाने का आरोप
  • वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस एक्शन में, 5 गिरफ्तार

वाराणसी। जिस काशी के घाटों पर हर दिन लाखों श्रद्धालु मां गंगा की आरती और दर्शन के लिए पहुंचते हैं, उसी पवित्र स्थल से सामने आई एक तस्वीर ने लोगों की भावनाओं को झकझोर दिया है। वाराणसी के विश्व प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट के पास गंगा में खड़ी एक नाव पर कथित तौर पर शराब पार्टी और चिकन बनाने का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि यह नाव एक भाजपा पार्षद से जुड़ी बताई जा रही है। आरोप है कि नाव पर कुछ लोग शराब पी रहे थे और वहीं चिकन भी पकाया जा रहा था। इस दौरान किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आते ही लोगों में नाराजगी फैल गई और धार्मिक स्थल की मर्यादा को लेकर सवाल उठने लगे।

विवाद बढ़ने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि घटना में और कौन लोग शामिल थे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगा घाट सिर्फ पर्यटन स्थल नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं। ऐसे स्थानों पर इस तरह की गतिविधियां धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं और प्रशासन को सख्त निगरानी करनी चाहिए।

वहीं पूरे मामले ने सियासी रंग भी ले लिया है। विपक्ष ने कानून व्यवस्था और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं, जबकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!