IMG-20260623-WA0010
  • एनिमेशन सेंटर वाली बिल्डिंग बनी मौत का जाल, बचने के लिए खिड़कियों से कूदे छात्र, बाथरूम में छिपकर लगाते रहे मदद की गुहार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया। जिस इमारत में युवा अपने सपनों को पूरा करने के लिए एनिमेशन और डिजिटल स्किल सीखने पहुंचे थे, वही इमारत उनके लिए मौत का जाल बन गई। सोमवार को एक तीन मंजिला कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग में 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गये। मृतकों में ज्यादातर युवा छात्र और कर्मचारी बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक अलीगंज स्थित इस बिल्डिंग में एनिमेशन सेंटर सहित अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हो रहे थे। आग लगने के बाद कुछ ही मिनटों में पूरी बिल्डिंग धुएं से भर गई। अंदर मौजूद छात्र और कर्मचारी बाहर निकलने के लिए रास्ता तलाशते रहे, लेकिन धुएं और आग की लपटों के कारण कई लोग फंस गये। कई युवाओं ने जान बचाने के लिए खिड़कियों से छलांग लगा दी, जबकि कुछ लोग बाथरूम और कमरों में छिपकर मदद का इंतजार करते रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के दौरान बिल्डिंग के अंदर चीख-पुकार मच गई। लोग मदद के लिए आवाज लगाते रहे। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और राहत बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। धुएं के कारण बचाव कार्य में भारी परेशानी आई। कई लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया।

शुरुआती जांच में बिल्डिंग की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग में बाहर निकलने के पर्याप्त रास्ते नहीं थे, जिसके चलते हादसा और भयावह हो गया। इस घटना के बाद फायर सेफ्टी नियमों और व्यावसायिक भवनों में सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए जांच के आदेश दिए हैं। हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है। वहीं मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। जिन बच्चों को परिवारों ने बेहतर भविष्य की उम्मीद के साथ भेजा था, उनकी मौत की खबर ने हर किसी को भावुक कर दिया।

error: Content is protected !!